रतलाम। जिले में निजी संपत्तियों पर अवैध कब्जे के समाधान के लिए चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे है। सुशासन का ताजा उदाहरण जिले की आलोट तहसील में देखने को मिला जहां मरतलाम जिले कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के पास अपनी समस्या लेकर पहुंची विधवा महिला को उसके हक की जमीन जिला प्रशासन ने तत्काल दिलवाई है। आलोट क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ाकला की एक विधवा महिला को उसके हक की लगभग 20 लाख रुपए मूल्य की भूमि पर कब्जा दिलाया गया।
दरअसल महिला टीनाबाई दांगी रतलाम आकर कलेक्टर से मिली थी, उसने बताया कि उसके पति के भाइयों द्वारा उसकी भूमि पर कब्जा कर लिया गया है वह अपना हक प्राप्त करने में असमर्थ हैं। महिला के पति की 4 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उनके हिस्से की एक हेक्टेयर से अधिक भूमि थी जिसे पति के भाइयों ने हथिया लिया था। महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने आलोट एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल को निर्देशित कर महिला को उसका कब्जा वापस दिलवाया है। खास बात यह भी है कि पीड़ित महिला के रतलाम से आलोट पहुंचने के पूर्व प्रशासनिक अमले ने जमीन को कब्जा मुक्त करवाकर महिला को जमीन की सुपुर्दगी दी है। अपनी समस्या का तत्काल समाधान पार्क टीना बाई ने जिला प्रशासन और प्रदेश के मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है।