कटनी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान दो उपस्वास्थ केन्द्रों में पदस्थ दो सीएचओ और दो एएनएम को कार्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। गर्भवती महिलाओं को रेफर करने और नियमानुसार जांच नहीं कराने पर कलेक्टर अवि प्रसाद ने नाराजगी जताई है। जिसके बाद सीएमएचओ डॉ. आरके अठ्या ने नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य महकमे को प्रसव के रेफरल प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने के लिए कहा है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को स्पष्ट निर्देश दिए है कि संस्थागत प्रसव कराए जाएं, अनावश्यक रूप से सामान्य प्रसव के मामलों को रेफर नहीं किया जाए। साथ ही गर्भवती महिला की एएनसी के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक जांच पूरी कराई जाएं। इस तरह के मामलो में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिन स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्टीकरण जारी किया गया है, उनमें उपस्वास्थ्य केन्द्र कूडन ब्लॉक बहोरीबंद की एएनएम रीता गुप्ता, सीएचओ जितेन्द्र यादव सहित उपस्थ्वास्थ्य केन्द्र बिचपुरा ब्लॉक बड़वारा की एएनएम आरती नागदेवे, सीएचओ डॉ. सुनील शर्मा का नाम शामिल है। इन चारों स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं कि नियमानुसार एएनसी जांच नहीं कराई थी।