खरगोन। बुधवार की सुबह साढ़े नौ बजे के करीब इंदौर खरगोन मुख्य मार्ग कसरावद के बालसमुद गाँव के नयानगर स्थित मछली केंद्र के पास ओवर टेक कर रहे एक बाइक चालक को बचाने में श्री वेंकटेश पब्लिक स्कूल की बस ओर ट्रक में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार बच्चे बाल बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सहित पालक मौके पर पहंुचे। वहीं स्कूल प्रबंधन ने तत्काल दूसरी बस की सहायता से सभी बच्चों को स्कूल पहुंचाया। 100 डायल की मदद से घायल बाइक चालक केरसिंग निवासी पिपल्या बुजुर्ग को कसरावद अस्पताल पहंुचाया गया। बच्चों के पालकों व अन्य लोगों ने प्रशासन से स्कूल बस का फिटनेस, बीमा परमिट आदि चेक करने की मांग की है। साथ ही अन्य यात्री बसों की भी जांच करने की बात कही है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।