चित्तौड़गढ़। मेढ़की महादेव एवं सेमलपुरा घाटा बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और दंपतियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाली गैंग का जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं बस्सी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी को नामजद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जिले में लूट एवं चोरी की कुल सात वारदातें कबूल की हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि मधुबन निवासी भैरूलाल मेघवाल ने बस्सी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 मई 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से मेढ़की महादेव मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दोपहर करीब तीन बजे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर मोबाइल फोन, सोने की बालियां, नाक का कांटा, चांदी की अंगूठी, चांदी की चेन तथा 1,500 रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।
इसी प्रकार की लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल के निर्देशन में बस्सी थाना एवं जिला विशेष टीम का संयुक्त दल गठित किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला। जांच के दौरान तीन आरोपियों की पहचान हुई, जिसके बाद लगातार दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु पिता चन्दनिया कंजर एवं किशन पिता आशाराम कंजर, निवासी मंडावरी, थाना बेगूं के रूप में हुई है। पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी नामजद किया है, जिसकी तलाश जारी है।
पूछताछ में आरोपियों ने करीब सात महीने पहले तारापीपली क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी करने, मेढ़की महादेव मंदिर क्षेत्र में कई दंपतियों से मोबाइल, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटने, सेमलपुरा घाटा मार्ग पर श्रद्धालुओं से लूटपाट करने तथा बरूदनी के जंगल में बकरी चरा रही महिला से जेवरात लूटने सहित कुल सात वारदातों का खुलासा किया है।
पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और फरार साथी के संबंध में पूछताछ कर रही है तथा लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी चम्पाराम, एएसआई हंसराज, एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल नंदकिशोर, शोभाग, रामावतार, सुनील, दुर्गेश, हेमराज, पदम, प्रहलाद, जोगेन्द्र एवं ललित सिंह की सराहनीय भूमिका रही।