छतरपुर। खरीफ सीजन के बीच छतरपुर जिले के बक्सवाहा में किसानों को शासन की मुफ्त बीज योजना का लाभ लेने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों के लिए उड़द और अरहर की मिनी किट उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन वितरण व्यवस्था की बदहाली से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
किसानों का कहना है कि वे सुबह से ही कृषि विभाग कार्यालय पहुंचकर तेज धूप में घंटों लंबी कतारों में खड़े रहते हैं। कई किसान खेती का जरूरी काम छोड़कर बीज लेने आते हैं, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ता है। किसानों का आरोप है कि विभाग में पर्याप्त स्टाफ और व्यवस्थाओं के अभाव में रोजाना अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है।
कृषि विभाग के मुताबिक बक्सवाहा विकासखंड के लिए उड़द की करीब 3 हजार और अरहर की 1 हजार मिनी किट प्राप्त हुई हैं। अब तक उड़द की लगभग 1 हजार मिनी किट का वितरण किया जा चुका है, जबकि अरहर की मिनी किट का वितरण अभी शुरू नहीं हुआ है। विभाग का कहना है कि शेष बीजों का वितरण पात्र किसानों को नियमानुसार किया जाएगा।
प्रभारी एसएडीओ अमन जैन ने बताया कि विभाग में स्टाफ की कमी के कारण बीज वितरण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया को जल्द व्यवस्थित कर पात्र किसानों तक समय पर बीज पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
खरीफ बुवाई का समय तेजी से निकल रहा है। ऐसे में किसानों की मांग है कि प्रशासन वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार करे, ताकि उन्हें समय पर मुफ्त बीज उपलब्ध हो सके और बुवाई प्रभावित न हो।