चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन श्सुदर्शन चक्र-02श् के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं गंगरार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 2021 के एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में चार साल से फरार चल रहे 2 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस थाना महामंदिर (जोधपुर) में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02 के तहत इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से सूचना मिली कि नरपत पुरी पिता सोहन पुरी गोस्वामी, निवासी कासेड़ी (थाना गंगरार), जो वर्तमान में हैदराबाद में आइसक्रीम बेचने का कार्य करता है और पुलिस थाना महामंदिर, जोधपुर के एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में 2 हजार का इनामी आरोपी है, अपने गांव आया हुआ है।
सूचना के आधार पर डीएसटी एवं गंगरार थाना पुलिस ने गांव कासेड़ी में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार उसे डिटेन कर पुलिस थाना महामंदिर, जोधपुर को सूचना दी गई। आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
इस कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल जगदीश, रामकेश, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, अरविंद, अशोक, कृष्णकांत, वीरेंद्र एवं शिशपाल के साथ गंगरार थाना के एएसआई फूलचंद मीणा तथा कांस्टेबल नरेश और राजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।