नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में सत्र 2026-27 की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम का शनिवार को सफल एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन दिवस पर छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, नई शिक्षा नीति, परीक्षा प्रणाली, क्रेडिट व्यवस्था तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अविनाश बिहारीया ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवनशैली के उपाय बताए। इस दौरान छात्राओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
डॉ. बीना चौधरी ने नई शिक्षा नीति (एनईपी) की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। डॉ. प्रकाश चंद्र रांका ने परीक्षा एवं आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली की विस्तृत जानकारी साझा की, जबकि डॉ. गिरिराज शर्मा ने बहु-संकाय विषय चयन और क्रेडिट प्रणाली को समझाया। प्रो. सुनील कुमावत ने छात्राओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के परिचय, उपयोग और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं को श्वास नियंत्रण (ब्रीदिंग एक्सरसाइज) के माध्यम से ध्यान एवं एकाग्रता बढ़ाने का अभ्यास कराया। उन्होंने छात्राओं को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम उनके लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार रहा।
कार्यक्रम का संचालन कुसुम मालवीय एवं सुमन नागदा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्रवेश प्रभारी डॉ. हीर सिंह राजपूत ने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम के समापन के बाद नवप्रवेशित छात्राओं की नियमित कक्षाएं 6 जुलाई 2026 (सोमवार) से प्रातः 11 बजे प्रारंभ होंगी। सभी छात्राओं से समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई।