मंदसौर। साइबर अपराधों के प्रति आमजन और विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस के 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पोस्टर प्रतियोगिता एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 20 छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचाव जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने साइबर सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
4 वर्षीय गौरवी ने भी दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम में महज 4 वर्षीय गौरवी भावसार ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी पेंटिंग के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रतिभा राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नयन पालीवाल और खुशी माली संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि आर.एल. कर्णावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को एसपी विनोद कुमार मीना ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
प्रसिद्ध कलाकार ने किया मूल्यांकन-
प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रसिद्ध कलाकार भावना लोहार ने निर्णायक के रूप में किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, डीएसपी कीर्ति बघेल, शहर कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र राठौर, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा नहीं करने की अपील की।