सिवनी। जिले के मानस भवन में शनिवार को जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय समापन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने जल संरक्षण को एक बड़ा जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
समारोह के दौरान जल स्रोतों के पुनरुद्धार, वर्षा जल संचयन, अमृत सरोवर निर्माण और पौधरोपण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों व अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केवलारी विधायक दिनेश राय ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने किसानों से अपने हर खेत में तालाब बनाने और शहरी क्षेत्र के नागरिकों से घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने का आह्वान किया। विधायक ने जोर देकर कहा कि आने वाले भूजल संकट से बचने के लिए वर्षा जल को सहेजना और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना बेहद जरूरी है।
मेरा वाटर बैंकश् योजना लॉन्च
कलेक्टर नेहा मीना ने इस अभियान को आने वाली पीढ़ियों की जल सुरक्षा के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि जिले में जनभागीदारी से जल संरचनाओं के कायाकल्प के कई बड़े कार्य किए गए हैं, जिन्हें आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में महिला सरपंचों और स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई, जिन्होंने गांवों में श्रमदान और सफाई कार्यों की कमान संभाली। इस दौरान जनपद पंचायत धनोरा की अनूठी पहल ष्मेरा वाटर बैंकष् योजना का विमोचन भी किया गया।
इस महत्वाकांक्षी योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था कर करीब एक करोड़ लीटर पानी सहेजने का लक्ष्य रखा गया है।
यह रहे उपस्थित
इस समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डेहरिया, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोड़िया और जिला पंचायत सीईओ अंजली शाह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अभियान को सफल बनाने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों, वन अमले, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।