प्रतापगढ़। राजकीय पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इसमें जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।
राजस्थान के विकास को नई गति मिलेगी-मंत्री
इस अवसर पर मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी, जोधपुर टर्मिनल के उद्घाटन और जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला से राजस्थान के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी के शुरू होने से प्रदेश के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, राजस्थान सौर एवं अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 तक किसानों को दिन के समय निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए
मंत्री मीणा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान को 1.05 लाख करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देकर प्रदेश के विकास में ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के वर्ष 2027 के विकास संकल्प का भी उल्लेख किया और बताया कि डबल इंजन की सरकार तेज गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।