नीमच। गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शनिवार को शहर स्थित सांवलिया सेठ मंदिर परिसर में गौ सम्मान आवाहन अभियान की जिला स्तरीय बैठक उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर से आए गौभक्तों, गोप्रेमियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में मध्यप्रदेश के नंद बाबा प्रकाश नारायण गिरी, प्रदेश प्रचारक राष्ट्रीय संत गोशरण सरस्वती तथा संभाग प्रचारक शंकर चौहान के मार्गदर्शन में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने गौ सेवा को राष्ट्र सेवा एवं धर्म रक्षा का आधार बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नीमच जिले में लगभग 5 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे। इसके बाद 27 जुलाई को जिला कलेक्टर के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित गौभक्तों ने संकल्प लिया कि अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा, ताकि गौ सम्मान एवं संरक्षण की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
बैठक का समापन गौ सम्मान आवाहन अभियान - गौ रक्षा, राष्ट्र रक्षा, धर्म रक्षा के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित जनों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।