गरोठ। मंदसौर जिले में ट्रकों से डीजल चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर गरोठ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 8 लेन हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का डीजल, डीजल निकालने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि पिछले कुछ समय से 8 लेन हाईवे पर रात के समय खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को ट्रक से डीजल निकालते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए डीजल को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का डीजल, डीजल निकालने के उपकरण तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे रात के समय सुनसान स्थानों पर वाहन खड़े करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि जिले में गश्त बढ़ा दी गई है और डीजल चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई का ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने स्वागत करते हुए इसे अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।