विदिशा। राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय विदिशा में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा दिनांक 09 जनवरी को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के अंतर्गत आपदा पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ नीता पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि आपदाओं से निपटने की क्षमता हर व्यक्ति में होनी चाहिए। इसलिए आपदा से जुड़ी जानकारी हरेक व्यक्ति के लिए महत्त्वपूर्ण है। इसलिए यह प्रशिक्षण छात्राओं के लिए बहुत उपयोगी होगा। कार्यशाला का संचालन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, विदिशा के जिला सलाहकार अजीत बाथम ने किया। उन्होंने आपदा, आपदा प्रबंधन के मूल सिद्धांत, अधिनियम, आपदा पूर्व तैयारी एवं उससे बचने के तरीकों और अग्नि सुरक्षा प्रबंधन को विस्तार से पावर प्वाइंट के माध्यम से समझाया।
कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के एनसीसी विभाग द्वारा किया गया। जिला आपदा प्रबंधन एवं नगरपालिका की तरफ से आए मंजीत सिंह फायर ऑफिसर और उनके सहयोगियों द्वारा एनसीसी कैडेट्स को आग बुझाने के तरीके बताज गए फायर ब्रिगेड का डिमॉन्स्ट्रेट करके दिखाया गया।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ विनिता प्रजापति ने इसका संयोजन किया तथा डॉ राजुला अलबर्ट, डॉ विनय पाठक ने इसमें सक्रिय सहयोग किया। महाविद्यालय की एनसीसी की समस्त छात्राएं इस कार्यशाला में उपस्थित रहीं।