नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच का विशेष सम्मेलन में आज नगर पालिका नीमच स्थित बंगला नम्बर 60 के परिषद कक्ष में आयोजित हुआ। नपा सम्मेलन में हंगामे के बीच 17 प्रस्ताव पारित कर दिए गए। भाजपा पार्षदों ने नीमच शहर में अव्यवस्थाओं और मुलभुत सुविधाओं की कमी को लेकर नपा सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ पर गंभीर आरोप लगाए।
नपा की बैठक में शहर की समस्याओं और नपा के उदासीन रवैये को लेकर भाजपा पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया। पार्षदों ने नगर पालिका सीएमओ महिंद्र वशिष्ठ को जमकर घेरा। अव्यवस्थाओं के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने अपनी ही परिषद पर गंभीर सवाल उठाएं। बगीचों में कर्मचारियों की कमी, कर्मचारियों की अकर्मण्यता, सब्जी मंडी की अव्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत व्यवस्था की कमी, चरमराई सफाई व्यवस्था, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन ना मिलने, आवारा कुत्तों की परेशानी, नामांतरण के प्रकरण में विलंब, नीमच सिटी के सौंदर्यकरण, व्यवस्थापन में हो रहे विलंब जैसी कई समस्याओं और मुद्दों को लेकर भाजपा पार्षदों और सीएमओ वशिष्ठ के बीच तीखी बहस भी हुई।
भाजपा पार्षद जीनू मेहता, किरण शर्मा, नीरज अहीर, दारा सिंह, राकेश किलोरिया, वंदना खंडेलवाल, रामचंद्र धनगर, राजेश लालवानी और छाया जायसवाल इन मुद्दों और समस्याओं को लेकर नगरपालिका अधिकारी और कर्मचारियों पर जमकर बरसे। भाजपा पार्षद चर्चा के दौरान आसंदी तक पहुँच गए थे। कांग्रेस पार्षदों में हरगोविंद दीवान, लप्पो आपा, कविता लोक्स, सुमित्रा पोरवाल और भारत अहीर ने भी परिषद की बैठक में अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई।