इंदौर। ख्यात संत, ब्रह्मऋषि किरीट भाईजी शनिवार, 27 जुलाई को अपने शिष्यों और भक्तों के साथ गुरू पूर्णिमा महोत्सव मनाने के लिए इंदौर आएंगे। वे साउथ तुकोगंज स्थित जाल सभागृह में शाम 4 से 7 बजे तक तुलसी परिवार इंदौर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भक्तों और शिष्यों को आशीर्वचन देंगे, उनकी आध्यात्मिक जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे और ठाकुरजी का पूजन भी करेंगे।
तुलसी परिवार इंदौर के प्रमुख संयोजक संजय सोनी, मितेश जोशी, सुनील मालू, राजेश नेमा एवं राजेश गुप्ता ने बताया कि भाईजी ने गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में अपनी कृपा वर्षा यात्रा बुधवार, 17 जुलाई से कोलकाता से शुरू करने का निश्चय किया है। वे देश के 15 प्रमुख शहरों के भक्तों और शिष्यों को दर्शन देने के बाद 27 जुलाई को इंदौर पहुंचेंगे और शाम 4 से 7 बजे तक जाल सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में कृपा वर्षा करेंगे। उनकी यह गुरु पूर्णिमा यात्रा 3 अगस्त को हरदोई में संपन्न होगी। इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में ग्वालियर, उज्जैन, धार, भोपाल और आसपास के शहरों के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। उनके शहर आगमन पर तुलसी परिवार ने उनके गरिमापूर्ण स्वागत की तैयारियां की हैं।