चित्तौड़गढ़। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में डीएसटी एवं सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर देशी कट्टानुमा हथियार के साथ पोस्ट वायरल करने वाले युवक को चिन्हित कर शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्व झूठी शान और रुतबा दिखाने के उद्देश्य से हथियार अथवा हथियार जैसे दिखने वाले उपकरणों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करते हैं। ऐसी गतिविधियों से आमजन में भय का माहौल पैदा होता है। सोशल मीडिया के दुरुपयोग, हथियारों के प्रदर्शन, भ्रामक सामग्री, गुंडागर्दी के प्रदर्शन एवं अपराध के महिमामंडन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण एवं सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर अकाउंट संचालक की पहचान की गई।
पुलिस ने देवीदास पिता बंशीदास, उम्र 32 वर्ष, निवासी धाकड़ मोहल्ला, थाना सदर चित्तौड़गढ़ को सोशल मीडिया पर देशी कट्टानुमा हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में भय पैदा करने के आरोप में शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम में डीएसटी के एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविंद कुमार, कृष्ण कुमार एवं अशोक कुमार तथा सदर थाना चित्तौड़गढ़ के एएसआई सुरेंद्र सिंह, जगदीश चंद्र, कांस्टेबल बलवीर सिंह, गजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह, भजनलाल एवं हेमवृत सिंह शामिल रहे।