चित्तौड़गढ़। राशमी थाना पुलिस ने विद्युत मोटर एवं सोलर पंप की केबल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राशमी थाना क्षेत्र में विद्युत मोटर एवं सोलर पंप की केबल चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदय सिंह चूंडावत के निर्देशन में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
प्रकरण में परिवादी नारायण पिता पन्नालाल पुर्बिया निवासी जाड़ाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत पर लगे सोलर पंप की केबल तथा पड़ोसी खेतों में लगी विद्युत मोटरों की केबल अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना तंत्र एवं साइबर सेल की सहायता से कार्रवाई करते हुए नारायणलाल पिता कालूलाल नायक (23) निवासी बारू, थाना राशमी तथा पप्पूलाल पिता नंदराम नायक (28) निवासी पावली, थाना राशमी को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए पीसी रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस आरोपियों से उक्त वारदात के साथ ही क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी गेहरीलाल, एएसआई गोपाललाल, साइबर सेल के राजकुमार तथा कांस्टेबल अनिल एवं सुरेश शामिल रहे।