शाजापुर। जिले में पिछले 12 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ग्रामीण अंचलों में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सबसे ज्यादा प्रभाव सलसलाई क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जहां रविवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा।
सलसलाई में कई मकानों में पानी भर जाने से ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पानी के तेज बहाव से लोगों के घरों में रखा खाने-पीने का राशन और घरेलू सामान पूरी तरह भीगकर खराब हो चुका है। गांव के सज्जू खां का मकान बारिश के पानी में पूरी तरह डूब गया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलमग्न हो गया और उनके मवेशी भी पानी में फंस गए। घर के भीतर कमर तक पानी भरा हुआ है। वहीं, एहसान खान के मकान में भी पानी घुसने से परिवार को बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। सलसलाई-खरसौदा मार्ग पर स्थित नाला पूरे उफान पर है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
इस उफनते नाले पर सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पूर्व में भी इस नाले के तेज बहाव में बहने से दो लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा न तो कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही सुरक्षा के लिए किसी कर्मचारी की तैनाती की गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है।