नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी जाट, थाना रतनगढ़ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम परिवहन कर रहे आरोपी को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर अफीम उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पिट्टू बैग में छिपाकर ले जा रहा था अफीम
9 अगस्त 2026 को जाट चौकी पुलिस टीम रतनगढ़-जाट रोड स्थित चावंडिया फंटे पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके पीठ पर टंगे पिट्टू बैग की जांच करने पर प्लास्टिक की थैली में अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी शांतिलाल पिता भवाना धाकड़, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बोराव, थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अफीम तथा मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम-
पुलिस द्वारा आरोपी से अवैध मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर अफीम उपलब्ध कराने वाले आरोपी कैलाश पिता नंदलाल धाकड़, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम बोराव, थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया गया।
20.50 लाख रुपये की अफीम जब्त-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद की। इसके अलावा काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक आरजे 09 एसपी 6239, अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, कीमत करीब 10 हजार रुपये, जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शांतिलाल धाकड़ और कैलाश धाकड़ शामिल हैं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों के संबंध में पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक भूरालाल भाबर, जाट चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।