नीमच। प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव ने सख्त निर्देश दिए हैं कि चारागाह की भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। यदि कोई ऐसा करता है तो उन पर कार्रवाई की जाए। लेकिन अतिक्रमणकर्ता शासकीय भूमि खास तौर से ग्रामीण क्षेत्रों में चरागाह की भूमि पर अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी तरह के मामले को लेकर ग्राम पंचायत अड़मालिया के डासिया गांव के ग्रामीण गुरुवार को नीमच कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

दरअसल, अडमालिया गांव स्थित चारागाह की भूमि पर गांव के लोगों के मवेशी अपना पेट भरते हैं। उक्त भूमि शासकीय रिकॉर्ड में भी चारागाह के लिए दर्ज हैं। मगर गांव के ही कुछ लोग उक्त चारागाह की भूमि पर अतिक्रमण कर रहे हैं। जिससे ग्रामीणों को अपने मवेशियों को चारे की समस्या हो रही है। इसी समस्या को लेकर आज (गुरुवार) बड़ी संख्या में ग्रामीण नारे बाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह आंजना को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन दिया।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि उक्त चरागाह की भूमि को अतिक्रमण मुक्ति की जाए। साथ अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।