चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को बेंगू पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जयनगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। रात्रि चौपाल में पंचायत के विभिन्न गांवों के लोग अपनी समस्याओं लेकर उपस्थित हुए। जिला कलक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों को अपने समक्ष बैठाकर उनके अभाव- अभियोग सुने और उनके निराकरण के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने विद्यालय में ट्यूबवेल लगाने, पानी की टंकी व कमरे बनाने, खेल मैदान के विकास सहित विद्यालय विकास की मांग पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को जयनगर उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन निर्माण होने तक उसे खाली पड़े विद्यालय भवन में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एवीवीएनएल के अधिकारियों को बढ़े हुए बिलों, बिजली लाईन की समस्या की जांच कर स्थिति रिपोर्ट पेश करने को कहा। उन्होंने अतिक्रमण की समस्या पर पटवारी को पुलिस विभाग के सहयोग से 7 दिन में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को पंचायत के गांवों में अभियान चला कर साफ- सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई को सबकी जिम्मेदारी बताते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी सहित स्थानीय अधिकारियों को सर्वे कराकर विभिन्न योजनाओं के पात्र लोगों को लाभ दिलवाने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में पानी, बिजली, सड़क, खाद्य सुरक्षा, पीएम आवास, सामाजिक न्याय की योजनाओं, अतिक्रमण, पट्टे, नामांतरण, कार्यों की गुणवत्ता, स्ट्रीट लाइट लगाने, श्मशान भूमि आवंटन, सरकारी दस्तावेज बनवाने सहित सरकारी विभागों से संबंधित 50 से अधिक प्रकरणों में आमजन की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से बातचीत करते हुए जिला कलक्टर ने गांव में मनरेगा कार्यों, स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, टीकाकरण, राशन सप्लाई आदि की स्थिति की जानकारी ली और किसी प्रकार की समस्या को लेकर स्थानीय अधिकारियों के माध्यम से सूचित करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को बजट घोषणाओं की क्रियान्विति हेतु आवश्यक कार्यवाही करने, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने, वृक्षारोपण करने, वर्षा ऋतु में जल प्रबंधन करने, मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय करने सहित आवश्यक निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी गई और उनसे लाभान्वित होने का आह्वान किया गया।
जिला कलक्टर ने जयनगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पौधारोपण किया। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने एवं बच्चों को खेलों में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
मेधावी विद्यार्थियों तथा वृक्ष मित्रों को सम्मानित किया-
जिला कलक्टर ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके करियर को लेकर बातचीत की और उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने वृक्षारोपण करने एवं उनकी देखभाल का संकल्प लेने वाले 21 श्वृक्ष मित्रोंश् को वृक्ष भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर रावतभाटा विनोद कुमार मल्होत्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार मंडोवरा, उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश, पुलिस उपाधीक्षक अंजली सिंह, प्रधान नारू भील, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता एस के सिंह, सीएमएचओ डॉ ताराचंद गुप्ता, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार दिनेश कुमार जागा, समाज कल्याण अधिकारी विकास खटीक, तहसीलदार धर्मेंद्र स्वामी, विकास अधिकारी सहित सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उप जिला कारागार, बेंगू का निरीक्षण किया-
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को उप जिला कारागार, बेंगू का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जेल में बंदियों की संख्या, उनकी समस्याएं, बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, बंदियों के इलाज तथा जेल में दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जेल अधिकारी को जेल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश, तहसीलदार धर्मेंद्र स्वामी, कारागार के अधिकारी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
बनोड़ा बालाजी के दर्शन किए-
जिला कलक्टर ने जनसुनवाई से पूर्व श्री बनोड़ा बालाजी दरबार पहुंचकर बनोडा बालाजी के दर्शन किए। यहां उन्होंने पशुपतिनाथ, दशावतार जगन्नाथ मंदिर, द्रौपदी अर्जुन मंदिर, खाटू श्याम मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन किए।