सीहोर। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर जिले में चल रहे विकास कार्यो तथा योजनाओं की जनपदवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की रिपोर्ट ली और विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं का क्रियान्वय तथा संचालन और समस्याओं के समाधान पर चर्चा के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा स्वीकृत कार्यो को शीघ्र प्रारंभ कर समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जिले में संचालित हितग्राही मूलक योजनाएं से सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों से कहा कि विभागों में जितने भी विकास एवं निर्माण कार्य तथा योजनाएं चलाई जा रही हैं उनकी ग्राम, विकासखण्ड तथा जिला स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांव में जाकर विकास एवं निर्माण कार्यो का निरीक्षण भी करें और देखें कि कार्य गुणवत्तापूर्ण हो रहा है या नहीं।
कलेक्टर सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हितग्राही मूलक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नितिन टाले, संयुक्त कलेक्टर वंदना राजपूत, आनंद सिंह राजावत, डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह सहित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।