खरगोन। आषाढ़ माह की द्वितीया पर खरगोन शहर में पहली बार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। शाम 4 बजे ब्राह्मणपुरी स्थित प्राचीन श्री जगदीश मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले।
रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और भक्तों ने रथ का रस्सा खींचकर भगवान के दर्शन किए। यात्रा के दौरान पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया।
रथयात्रा की खास बात यह रही कि डीजे की जगह झांझ-मंजीरों और हरिनाम संकीर्तन के साथ भजन-कीर्तन किए गए। वहीं ओडिशा की पुरी परंपरा के अनुसार रथ के आगे झाड़ू लगाकर मार्ग का सम्मान किया गया।
यात्रा ब्राह्मणपुरी से शुरू होकर घासमंडी, तलाई मार्ग, सराफा बाजार, झंडा चौक, घाटी मार्ग, भावसार मोहल्ला, गणेश मंदिर और पीपल चौक होते हुए वापस श्री जगदीश मंदिर पहुंची।
मंदिर में महाआरती के बाद भगवान जगन्नाथ को प्रिय केसरिया भात का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। पहली बार आयोजित हुई इस भव्य रथयात्रा को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।