भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है। दिल्ली में आयोजित ‘भारत टेक्स-2026’ और ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ के दौरान प्रदेश को कुल ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन निवेश प्रस्तावों से करीब 27,592 लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में उद्योगपतियों और वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भारत टेक्स-2026 के दौरान प्रदेश को वस्त्र और परिधान क्षेत्र में ₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे कपड़ा उद्योग में करीब 15,700 रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।
वहीं दिल्ली निवेश संवाद के माध्यम से रक्षा, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग, ऑप्टिकल उत्पाद और खिलौना उद्योग सहित कई क्षेत्रों में ₹18,601 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे लगभग 11,892 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को जनवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2027) में शामिल होने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को बेहतर नीतियां, सुविधाएं और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करा रही है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीलंका, ब्राजील, रूस, इटली और फ्रांस के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठक कर कृषि, जैव ईंधन, एयरोस्पेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इनोवेशन और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।
सरकार का दावा है कि इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।