गुना। नगरपालिका के वार्ड 30 के पार्षद पद लिए हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 379 वोटों से हराया। जीत के बाद कलेक्टर ने भाजपा प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र दिया। पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह पीजी कॉलेज के विधि विभाग में की गई।
पार्षद अतुल गौड़ की सरकारी नौकरी लगने के बाद सीट खाली हो गई थी
बता दें कि गुना नगरपालिका के वार्ड 30 के पार्षद अतुल गौड़ की सरकारी नौकरी लग गई थी। इसके बाद उन्होंने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था। इस वजह से यहां उपचुनाव हुआ। चुनावी मैदान में एक भाजपा प्रत्याशी और एक निर्दलीय आमने सामने थे। कांग्रेस प्रत्याशी ने अचानक अपना नामांकन वापस ले लिया था। कांग्रेस पदाधिकारियों तक को इसकी भनक नहीं लगी थी। इसके बाद कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दिया था।
45 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया
बुधवार को 6 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई थी। इस दौरान 45 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। शुक्रवार को पीजी महाविद्यालय गुना के विधि कक्ष में सुबह 9 बजे से मतगणना दल के एक गणना सुपरवाइजर और दो गणना सहायकों द्वारा एक मतगणना टेबल पर कराई गई। कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉक्टर सतेंद्र सिंह द्वारा प्रेक्षक अशोक कुमार की उपस्थिति में 6 चरणों में मतगणना के परिणाम घोषित किए गए।
कुल 1876 मत पड़े, भाजपा प्रत्याशी को 1116 वोट मिले
इस दौरान कुल 1876 मत पार्षद के लिए डाले गए थे। मतगणना के बाद आए परिणाम में भाजपा प्रत्याशी रमेश भील को 1116 वोट मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी हेमलता सितारा को 737 और नोटा को 23 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी ने 379 मतों से विजय प्राप्त की। काउंटिंग के दौरान अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेश बामन्हा, अनुविभागीय अधिकारी गुना शिवानी पांडे सहित पार्षद पद के प्रत्याशी और उनके गणना सहायक उपस्थित रहे।