सिंगोली। लंबे समय से बंद पड़ी सिंगोली कृषि उपज मंडी के अब चालू होने का रास्ता साफ हो गया है।पूर्वमंत्री और क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के साथ बुधवार शाम करीब 4 बजे हुई मंडी व्यापारियों की बैठक में मंडी चालू करने पर सहमति बन गई है।
बताया जाता है कि बैठक में विधायक सखलेचा ने दो टूक कह दिया था, यदि स्थानीय व्यापारी मंडी में कारोबार करना नहीं चाहते हैं तो बाहर के बड़े व्यापारी और उद्योगपति सिंगोली मंडी से सीधे किसानों की उपज खासकर मक्का खरीदने को तैयार है।हालांकि स्थानीय व्यापारियों ने मंडी परिसर में कुछ सुविधाएं उपलब्ध कराने की शर्त पर मंडी चालू करने पर सहमति दी।
इस पर विधायक सखलेचा ने मंडी अधिकारियों को निर्देशित कर मंडी परिसर में व्यापारियों सहित किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरी होने पर शेड भी बढ़ाने को कहा। ऐसे में व्यापारियों द्वारा आगामी 21 अक्टूबर से मंडी में कारोबार शुरू करने पर सहमति दे दी गई है। इस प्रकार यह तय हो गया है कि आगामी 21 अक्टूबर से मंडी परिसर में किसानों की उपज बिकना शुरू हो जाएगी।
बैठक में सखलेचा के अलावा नीमच जिला भाजपा महामंत्री अशोक कुमार सोनी, नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, संबंधित अधिकारी, मंडी कर्मचारी और व्यापारी मौजूद थे।