जबलपुर। रेलवे ट्रैक पर लगातार हो रहे हादसे और असामाजिक तत्वों की शरारत को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे अब ट्रैक की सुरक्षा में जुट गई है। जल्द ही 3 हजार किमी के ट्रैक को तार फेंसिंग से कवर किया जाएगा। इसके लिए रेल मंत्रालय से स्वीकृति भी मिल गई है। जबलपुर, भोपाल और कोटा रेल मंडल की सीमा में आने वाले करीब 300 रेलवे स्टेशन के रेलवे ट्रैक की सुरक्षा इन तारों से की जाएगी।
फेंसिंग ट्रैक के दोनों तरफ यानी (अप-डाउन) में लगेगी। जबलपुर रेलवे मंडल में 500 किमी लंबे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए फेंसिंग लगाई जा रहीं है। अप-डाउन मिलाकर करीब एक हजार किमी लंबी फेंसिंग लगाई जानी है, जिसके लिए जबलपुर रेल मंडल के इंजीनियरिंग विभाग ने काम शुरू कर दिया है।
हाल ही में असामाजिक तत्वों द्वारा रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की कई घटनाए सामने आ चुकी है। इसके अलावा अक्सर ट्रैक पर तेज रफ्तार ट्रेन के सामने जानवरों की आने की घटनाएं सामने आती है। जिससे ट्रेन के इंजन को नुकसान पहुंचने के साथ बड़ी घटनाएं हो जाती है। लिहाजा इन घटनाओं को देखते हुए भी ट्रैक के दोनों ओर फेंसिंग लगाने का काम किया जाएगा।