भोपाल। एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को झारखंड में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने कांके विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी प्रत्याशी डॉ. जीतू चरण राम के समर्थन में जनसभा की।
सीएम ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- इस बेईमानों की सरकार में पीए के पास 40 करोड़ मिल रहे हैं। 100-100 के नोटों की रेल भर दो तो पूरी रेल कम पड़ जाए। मेहनत करने वाले लोग अपने खून को पसीना कर रहे हैं और ये हमारे बाल बच्चों का पेट काटकर ये बेईमान लूटकर ले जा रहे हैं।
कांग्रेस-जेएमएम के पीछे कोई और
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- दिल से बात ऐसी निकल रही है कि तलवार से विदेश वालों की खटाखट हो रही है। कांग्रेस-जेएमएम के लोग दिखने हैं, इनके पीछे असली में कोई और हैं। इनकी सरकार-सत्ता केवल झूठ बोलने के लिए है।
सीएम बोले- आगे होली दिवाली मनानी है या नहीं
सीएम ने कहा- मैं आपको डरा नहीं रहा हूं लेकिन ये चुनाव इस बात का है कि हम अपने देवी-देवताओं की पूजा, और होली दीवाली आगे मनाना है कि नहीं?
ये घुसपैठिए आएंगे तो जो हाल वहां होने वाले हैं, ये दुर्भाग्यशाली रूप से यहां कराने वाले हैं। कांग्रेस और उनके चट्टे-बट्टे एक के भी मुंह से नहीं निकला कि वहां अपने हिन्दुओं का नरसंहार हो रहा है। इनको हिन्दुओं को बचाना चाहिए, क्योंकि वोट के भूखे हैं।
ये एकमात्र बात जानते हैं कि ऐन-केन प्रकारेण केवल सत्ता और कुर्सी पकड़ो। इसलिए वो सारे षड्यंत्र कर रहे हैं।
हिंदू और आदिवासी आबादी घटी, बांग्लादेशी हक मार रहे
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- मैं यहां आते वक्त हेलिकॉप्टर में आबादी का रिकॉर्ड देखते हुए आ रहा था। इस राज्य में 7 प्रतिशत हिन्दू कम हुए हैं। आदिवासी भाई बहन 40-41 प्रतिशत थे वो 28ः रह गए। आबादी बढ़ रही है तो ये बढ़ना चाहिए। ये लोग कहां गए? ये बाहर वालों को घुसेड़ते जा रहे हैं।
लगातार बांग्लादेशी घुसपैठियों को लाकर न केवल आपके रोजगार पर कब्जा कर रहे हैं। बल्कि आपकी दुकान, मकान पर कब्जा कर रहे हैं और आपके हक को मार रहे हैं। आपके बच्चों के लिए संकट खड़ा कर रहे हैं। मैं जिम्मेदारी से कहना चाहूंगा कि आप इस प्रदेश में चुनाव लड़ना चाहते हो कांग्रेस के लोग दिल्ली में लड़ना चाहते थे। लेकिन, इनके कर्मों के कारण जनता ने इनको धता बताया है।
कश्मीर जैसे हाल झारखंड में होंगे
सीएम ने कहा- अकेले जम्मू-कश्मीर में 40 हजार हत्याओं का पाप कांग्रेस के माथे है। बाबा अमरनाथ, शंकराचार्य की गुफा, कश्मीर श्रृंगऋषि की पवित्र भूमि थी। लेकिन, कांग्रेस के कुकर्मों के कारण जो कश्मीर में हालत हुई वो कल झारखंड में होगी।
झारखंड के लिए हमारी पार्टी ने ये तय कि ये अलग राज्य बनना चाहिए। बिहार के साथ जुड़कर इस राज्य के लोगों की उन्नति नहीं हो रही। इस राज्य में क्या नहीं है? अटल जी ने जब राज्य बनाने की घोषणा की थी कि ये राज्य सबसे नंबर वन का राज्य होगा। अटल जी को मालूम नहीं था कि ये बेईमानों की सरकार आएगी।