देवास। जिले के सतवास में शनिवार को पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शनिवार देर रात थाने का घेराव करने के बाद गुस्साए परिजन रविवार को भी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजन के साथ भीम आर्मी के कई कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
रविवार दोपहर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी सतवास पहुंचने वाले हैं। वे युवक के परिजन से मुलाकात कर सकते हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मामले में एसपी ने सतवास थाना प्रभारी आशीष राजपूत को सस्पेंड कर दिया है।
मालागांव के रहने वाले मुकेश पिता गबूलाल लोंगरे (35) के खिलाफ एक महिला ने केस दर्ज कराने के लिए शिकायती आवेदन दिया था। पुलिस ने शनिवार दोपहर में हिरासत में लिया था। शाम को ही उसकी मौत हो गई।
परिजन ने लगाया पैसे मांगने का आरोप
मुकेश के परिजन ने आरोप लगाया कि पुलिसवालों ने धाराएं कम करने की एवज में 6 हजार रुपए मांगे थे। मुकेश के साथ थाने में मौजूद एक साथी रुपए की व्यवस्था करने घर गया था। पैसे लेकर वह लौटा तब तक मुकेश की मौत हो गई थी। पुलिस ने बिना जानकारी दिए मुकेश के शव को सतवास अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया और बाहर से ताला लगा दिया।
शनिवार रात को भी परिजन का हंगामा
मुकेश के परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात को भी थाने पहुंचकर हंगामा किया था। बाद में मामला बिगड़ते देख आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया।