मनासा। क्षेत्र के ग्राम जमुनिया रावजी स्थित श्री बालाजी मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय हवन, पूजन एवं अभिषेक महोत्सव का समापन धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ हुआ। अंतिम दिन वैदिक विधि-विधान के अनुसार मंदिर शिखर पर कलश एवं ध्वजदंड की स्थापना की गई।
इस अवसर पर बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और भगवान श्री बालाजी के जयघोष के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर परिसर में विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में तीन दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन, पूजन एवं अभिषेक के धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। कलश एवं ध्वजदंड स्थापना के साथ महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।
समापन अवसर पर महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।