मंदसौर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन में थाना मल्हारगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को स्टेशन रोड मल्हारगढ़ निवासी रामचंद्र गुप्ता ने घर के बाहर खड़ी उनकी हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान ढिकनिया निवासी केसरीमल पिता लाभचंद पंवार के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले नितेश पिता गोपाल सोलंकी निवासी ढिकनिया को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की वारदातें भी स्वीकार कीं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें एक हीरो होंडा पैशन प्रो, बजाज डिस्कवर, एक्टिवा स्कूटी, हीरो एचएफ डीलक्स एवं बजाज पल्सर शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य चोरी की वारदातों और बरामद वाहनों के संबंध में जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मल्हारगढ़ सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।