नीमच। नकारात्मक खबरों के दौर में नीमच ट्रैफिक पुलिस के एक प्रधान आरक्षक ने अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से मानवता की मिसाल पेश की है। सड़क पर मिला नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित लौटाकर उन्होंने लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत किया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस में पदस्थ प्रधान आरक्षक देवी सिंह चौहान शनिवार को अपने निवास पुलिस लाइन कनावटी से ड्यूटी पर आ रहे थे। इस दौरान वेयरहाउस के सामने सड़क पर उन्हें एक पर्स पड़ा मिला। उन्होंने आसपास काफी देर तक इंतजार किया कि शायद पर्स का मालिक उसे तलाशते हुए पहुंच जाए, लेकिन कोई नहीं आया।
इसके बाद प्रधान आरक्षक चौहान ने पर्स में रखे दस्तावेजों की सहायता से मोबाइल नंबर प्राप्त कर पर्स मालिक से संपर्क किया। पर्स घसुंडी बामणी निवासी प्रहलाद शर्मा, जो नागदा अल्कलॉइड में कार्यरत हैं, का था। पर्स मिलने की सूचना मिलते ही वे नीमच पहुंचे।
कमल चौक पर ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक देवी सिंह चौहान ने आवश्यक पूछताछ के बाद पर्स उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सौंप दिया। पर्स में नकदी के साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित मिले।
प्रहलाद शर्मा ने बताया कि यदि पर्स नहीं मिलता तो उनके महत्वपूर्ण दस्तावेजों के खोने से उन्हें काफी परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के प्रधान आरक्षक की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
पर्स वापस मिलने की खुशी में प्रहलाद शर्मा ने प्रधान आरक्षक को इनाम देने का प्रयास किया, लेकिन देवी सिंह चौहान ने विनम्रतापूर्वक इनकार कर दिया। उनकी इस ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की शहरभर में सराहना हो रही है।