नीमच। सावन के पहले शनिवार को नीमच सनातन आस्था के महासागर में डूबा नजर आया। अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित विराट सनातन राष्ट्र धर्मसभा एवं संत समागम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच देश के प्रख्यात संतों ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र चेतना का संदेश दिया। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरी जी महाराज ने नीमच को धर्म की नगरी बताते हुए कहा कि इस पावन भूमि पर भगवान महादेव की विशेष कृपा है।
नीमच नगरी पर भगवान महादेव की विशेष कृपा-
धर्मसभा में परम् शिव उपासक, ब्रह्मनिष्ठ परिव्राजकाचार्य एवं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरी जी महाराज ने अपने प्रेरक एवं आध्यात्मिक उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश का नीमच धर्म की नगरी है और इस नगरी पर भगवान महादेव की विशेष कृपा है। उन्होंने कहा कि संत स्वयं कुछ नहीं करते, उनसे सब कुछ महादेव कराते हैं तथा भगवान को आत्मनिवेदन सबसे अधिक प्रिय है। उन्होंने कहा कि रामायण, श्रीमद्भगवद् गीता, वेद, पुराण और भागवत का सार मानव जीवन में ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण है।
नीमच की धरती आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण है-
स्वामी कैलाशानन्दगिरि जी महाराज ने कहा कि श्रावण मास की पूर्व संध्या पर आयोजित यह धर्मसभा इस बात का प्रमाण है कि नीमच की धरती आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण है। उन्होंने श्रावण मास की महिमा, भगवान शिव की आराधना और सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन संस्कृति विश्व को प्रेम, करुणा, सेवा और मानवता का संदेश देने वाली शाश्वत जीवन पद्धति है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए जीवन जीने का आह्वान किया।
धर्मसभा को जनप्रतिनिधियों व अन्य संतों ने भी संबोधित किया-
धर्मसभा को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, सांसद सुधीर गुप्ता, जयपुर के हवा महल क्षेत्र के विधायक बालमुकुंद आचार्य, महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद गिरी जी तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत श्री रविन्द्रपुरीजी महाराज ने संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में धर्म की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
धर्मसभा में यह थे मंचासीन-
धर्मसभा में मंच पर आयोजन समिति के व्यवस्था प्रमुख संतोष चौपड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नीमच-मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी संत-महात्माओं, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार-
कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण, राष्ट्र चेतना का जागरण तथा समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का प्रसार करना रहा। अंत में आयोजकों ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।