मंदसौर। जिले की राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अदिति गर्ग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र और दायित्वों में बदलाव किया है। इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी कर दिए गए, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, नीमच से स्थानांतरित होकर आए तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल को मंदसौर (नगर) का कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ किया गया है। किरण गेहलोत को प्रभारी तहसीलदार सीतामऊ, रमेश भमारे को धुंधड़का, रोहितसिंह राजपूत को शामगढ़, बृजेश मालवीय को दलौदा, पंकज जाट को मल्हारगढ़, मुकेश कुमार निगम को भानपुरा तथा मोहित मीणा को कयामपुर का प्रभारी तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
वहीं, नायब तहसीलदार वंदना हिते को मल्हारगढ़, पुष्पेन्द्र हटीला को शामगढ़ तथा विनोद कुमार शर्मा को गरोठ में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा भीमसिंह खाबड़े को शामगढ़ तथा रघुनाथ मचार को गरोठ का कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि किरण गेहलोत वर्तमान में मिड-कैरियर प्रशिक्षण पर हैं। उनके कार्यभार ग्रहण करने तक मोहित मीणा सीतामऊ तहसील का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
कलेक्टर अदिति गर्ग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी आदेशों के अन्य प्रावधान यथावत रहेंगे तथा संशोधित आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।