सेगांव। खरगोन शहर कोतवाली में धोखा और दुष्कर्म का मामला पहुंचा है। यहां एक मुस्लिम लड़के ने हिंदू लड़की को करीब तीन साल तक प्यार के जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया। शादी के नाम पर संबंध बनाए। चौंकाने वाली बात यह है कि युवती की सहेली ने ही उसकी दोस्ती युवक को हिंदू बताकर कराई थी। अब युवती को युवक द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने एवं धमकाने के बाद मामला थाने पहुंचा है। मामले में हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने भी नाराजगी दर्ज कराई है।
शनिवार शाम परिजन के साथ कोतवाली पहुंची पीड़िता ने शिकायती आवेदन सौंपकर पुलिस को बताया कि मोहसीन निवासी मनावर हाल मुकाम खरगोन करीब तीन साल से मुझे शादी का झांसा देता रहा और यौन शोषण करता रहा। मेरी मुलाकात साथ काम करने वाली सहेली ने तीन साल पहले कराई थी। उस समय मोहसीन ने अपना नाम प्रदीप बताया था। कुछ दिन मिलने के बाद वह मेरे कमरे पर आने-जाने लगा। इस दौरान उसने जबरजस्ती संबंध बनाए। बात शादी तक भी पहुंची थी। कुछ दिन बाद उसने मुझसे कहा उसका नाम प्रदीप नहीं मोहसीन है। यह सुन में चौक गई। उससे दूरी बनाने की कोशिश की तो उसने मुझसे शादी का दबाव बनाते हुए कहा वह संबंध नहीं रखेगी तो उसके अश्लील वीडियो वायरल कर देगा।
दो माह पूर्व मोहसीन ने मारपीट भी की। उसके इस बर्ताव से वह डरी-सहमी रहने लगी। पीड़िता ने आरोप लगाया मोहसीन उसके मजदूरी के रुपए भी ले लेता था।परेशान होकर यह बात जब परिजन को बताई तो उन्होंने पुलिस को शिकायत करने की हिम्मत दी। युवती के साथ हुई इस घटना पर शिवसेना के राजू शर्मा ने भी नाराजगी जताते हुए कहा यह लव जिहाद की घटना है। यदि इस बेटी के साथ इंसाफ नहीं हुआ और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करेंगे।