खंडवा। जिले से लगे ठिठियाजोशी गांव में रविवार तड़के 4 बजे एक यात्री बस आबना नदी के पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में 18 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 13 एंबुलेंस वाहनों से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रामनगर चौकी प्रभारी मनोज दवे ने बताया कि यात्री बस चौहान कंपनी की है, जो कि अमरावती की ओर से खंडवा आ रही थी। बस को इंदौर जाना था। इस दौरान ठिठियाजोशी के पुल पर अचानक हादसा हो गया। सभी घायलों को मामूली चोट आई है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में घायल ज्यादातर लोग रीवा, इंदौर और नागपुर के रहने वाले है।

अंधेरा और टर्न आने से फिसली थी बस-
बस के ड्राइवर इंदौर निवासी प्रेमसिंह को भी सिर में चोट आई हैं। उसने हादसे को लेकर बताया कि बस 50-60 की स्पीड में थी। सुबह साढ़े 5 बजे अंधेरा था और अचानक टर्न आ गया। गाड़ी को कंट्रोल करने का काफी प्रयास किया। लेकिन, सड़क पर पानी था, इस कारण बस स्लीप होकर पलटी खा गई।

दुर्घटना में यह हुए घायल-
पुष्पेंद्र (28) निवासी रीवा
अमन (22) निवासी सोनकच्छ
दीलिप (55) निवासी अमरावती
संदीप (40) निवासी परसपुर
राहुल (38) निवासी बड़वानी
चेतन (30) निवासी अमरावती
मनोज (36) निवासी बड़वाह
अरूणा (65) निवासी राजनांदगांव छत्तीसगढ़
इंदिरा (55) निवासी नागपुर
विवेकानंद (26) निवासी नागपुर
वसीम (35) निवासी सनावद
जयप्रकाश (48) निवासी मिर्जापुर उत्तरप्रदेश
प्रेमसिंह (45) निवासी बड़वाह
भंवरलाल (73) निवासी इंदौर
प्रिया (58) निवासी इंदौर
आयुष (14) निवासी उज्जैन
सोनू (45) निवासी इंदौर

ठिठियाजोशी का पुल ब्लैक स्पॉट, इस महीने 6 मौत
जानकारी के अनुसार, जिस जगह पर हादसा हुआ है वह ठिठियाजोशी का पुल ब्लैक स्पॉट है। वहां आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं। एक महीने में यहां चार कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है। जबकि कुछ बाइक सवार भी हादसे का शिकार हुए हैं। इन हादसों में 6 लोग जान गवां चुके हैं। आज हुए बस हादसे के बाद ग्रामीणों की तत्परता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
