छतरपुर। जिला के नगर पालिका नौगांव की हालत दिनों-दिन खराब होती जा रही है। अध्यक्ष,उपाध्यक्ष और पूरी परिषद नगर की दुर्दशा से परेशान हैं। इस स्थिति के लिए मुख्य नगर अधिकारी (सीएमओ) को जिम्मेदार ठहराते हुए परिषद के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर छतरपुर कलेक्टर से मुलाकात की और सीएमओ को हटाने की मांग का ज्ञापन सौंपा।
नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। विकास कार्य ठप पड़े हैं, सफाई व्यवस्था खराब है, और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर जल्द ही सीएमओ को नहीं हटाया गया तो नगर की स्थिति और भी बदतर हो सकती है।
नगर पालिका परिषद के सभी सदस्य इस मामले में एकमत हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार सीएमओ के खिलाफ शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में मजबूर होकर उन्हें कलेक्टर के पास गुहार लगानी पड़ी।
अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो नगर परिषद के सदस्यों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। नगरवासियों का भी कहना है कि वे इस मुद्दे पर परिषद के साथ हैं और जल्द से जल्द समाधान चाहते हैं।