दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया के थरेट थाना क्षेत्र में होली के दिन हुए क्रिकेट मैच विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। सोमवार दोपहर को 100 से अधिक ग्रामीण एसपी वीरेंद्र मिश्रा के कार्यालय पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया।ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि कांग्रेस नेता गांव-गांव जाकर लोगों को भड़का रहे हैं। नेता 26 मार्च को थरेट बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में दंगा-फसाद जैसी स्थिति बन सकती है।
दरअसल 14 मार्च को सेंथरी गांव के स्टेडियम में दोपहर करीब 1 बजे क्रिकेट मैच के दौरान जसवंतपुर के गोलू शर्मा और सेंथरी गांव के रिंकू कुशवाह के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
जिला कांग्रेस कार्यसमिति के सचिव और आरोपी रिंकू कुशवाह के भाई ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। इस मामले में कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया और जिलाध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर भी समाने आ गए। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि अपराधियों और समाज में वैमनस्यता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।