नीमच। मुख्यमंत्री एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी अभियान के तहत रामपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 13 वर्षीय लापता बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा मनासा एसडीओपी शावेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक निलेश सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को एक व्यक्ति ने थाना रामपुरा में सूचना दी कि उसकी 13 वर्ष 6 माह की पुत्री 28 जून की रात घर से नाराज होकर कहीं चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों एवं आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत पर थाना रामपुरा में अपराध क्रमांक 123/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और बालिका का पता लगाकर उसे 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश सोलंकी, सहायक उपनिरीक्षक हरिसिंह सिसोदिया, साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे, आरक्षक रघुवीर सिंह, विजय बारीवाल, भूरसिंह डोडियार तथा साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।