मंदसौर। शहर में खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 11 मई से 10 जून 2025 तक चलेगा शिविर में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, हॉकी, मार्शल आर्ट समेत खिलाड़ियों को 15 खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला मुख्यालय और विभिन्न विकासखंडों में आयोजित किया जाएगा, मंदसौर जिला मुख्यालय में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, हॉकी और मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा तो दलौदा में मलखम्ब, कबड्डी और वॉलीबॉल का प्रशिक्षण होगा साथ ही मल्हारगढ़ में वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस और एथलेटिक्स सिखाई जाएगी।
सीतामऊ में बास्केटबॉल और एथलेटिक्स, गरोठ में एथलेटिक्स और कबड्डी और भानपुरा में खो-खो का प्रशिक्षण दिया जाएगा, इसके अलावा खेल संघों और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मिनी गोल्फ, सॉफ्टबॉल, बेसबॉल, स्केटिंग, फुटबॉल और क्रिकेट का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
विभाग द्वारा आयोजित सभी शिविरों में प्रशिक्षण निःशुल्क होगा, प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी साथ ही शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों को खेल विभाग द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।