देवास। बीते दिनों जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड के गेट के समीप एक महिला की डिलीवरी होने की घटना के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने अस्पताल पहुंचकर मेटरनिटी वार्ड की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान CMHO ने चिकित्सकों एवं स्टाफ से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घटना के कारणों और उस समय की परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली महिला का यह पांचवां प्रसव था। एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने के कारण महिला देर शाम मेटरनिटी वार्ड के गेट तक पहुंची, जहां पहुंचते ही उसकी डिलीवरी हो गई। इसी दिन एंबुलेंस की देरी के चलते दो अन्य प्रसव भी एंबुलेंस में ही कराए गए।
CMHO ने अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार एवं प्रसव संबंधी सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, और अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।