शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील के टुकी ग्राम से लगे वन क्षेत्र में बहने वाली सिंध नदी से लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेत माफिया द्वारा नदी से निकाली गई हजारों घनमीटर रेत को गांव और खेतों के आसपास अलग-अलग स्थानों पर भंडारित किया गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इतने बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और भंडारण के बावजूद संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं होना वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
जिले में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। सूचना मिलने पर नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने राजस्व अमले और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
शाम 4 बजे से देर रात तक चले अभियान में गांव और खेतों के छह अलग-अलग स्थानों से करीब 400 ट्रॉली अवैध रेत जब्त की गई। मौके पर रेत को चूना डालकर चिन्हित किया गया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मामला जिला खनिज कार्यालय शिवपुरी को भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद अब सवाल यह उठ रहे हैं कि वन क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन और भंडारण कैसे चलता रहा और जिम्मेदार विभागों की भूमिका क्या रही। फिलहाल पूरे मामले में आगे की कार्रवाई पर जिला प्रशासन और खनिज विभाग की नजर टिकी हुई है।