छतरपुर। बुंदेलखंड की बेटी ने मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश के छतरपुर की बेटी ने गोल्ड मेडल जीता है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में देश में प्रथम स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हुई थी।
यूपी के आगरा में ऑल इंडिया एयर राइफल बेंच रेस्ट शूटिंग चौंपियनशिप 2025 का आयोजन किया गया था। जिसमें छतरपुर की बेटी नित्या श्रीवास्तव ने अंडर 20 में गोल्ड मेडल जीता। यह प्रतियोगिता रिम फायर एंड एयर राइफल बेंच रेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया और प्रीसीहोल स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित की गई थी। कॉम्पिटिशन के दौरान प्रतिभागी को 20 मिनट में कम से कम 25 टारगेट पूरे करने होते हैं।
शनिवार को आगरा पहुंचे देशभर के निशानेबाजों ने ऑल इंडिया एयर राइफल बेंच रेस्ट शूटिंग चौंपियनशिप 2025 में हिस्सा लिया। इसमें छह श्रेणी में प्रतिभागी शामिल हुए थे। इस प्रतियोगिता में एमपी के छतरपुर की नित्या श्रीवास्तव ने अंडर 20 में 211 निशाने साधकर देश में पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस कॉम्पिटिशन में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, कर्नाटक, असम और नागालैंड समेत देश के विभिन्न राज्यों के 100 से ज्याता प्रतिभागियों ने भाग लिया था।