नीमच। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आर्टिगा कार से 40 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डोडाचूरा, कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल करीब 12 लाख 10 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थाने के सामने नाकाबंदी में पकड़ी कार-
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 की रात नीमच-मनासा रोड स्थित थाना नीमच सिटी के सामने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग एवं नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की आर्टिगा कार क्रमांक GJ15CH5412 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में रखे दो काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों से कुल 40 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को पंचों के समक्ष विधिवत जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने मामले में कृष्णपाल सिंह उर्फ राहुल पिता भारत सिंह झाला, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सोकड़ी, थाना जीरन, जिला नीमच, रघुवीर उर्फ रघु पिता भंवर सिंह सोलकी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी तथा देवी सिंह पिता पूरण सिंह सोलंकी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नीमच सिटी में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
12.10 लाख रुपए का मशरूका जब्त-
कार्रवाई में पुलिस ने 40 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए, आर्टिगा कार कीमती करीब 6 लाख रुपए तथा दो मोबाइल फोन कीमती करीब 10 हजार रुपए जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत 12 लाख 10 हजार रुपए है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया सहित थाना नीमच सिटी पुलिस टीम एवं साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।