नीमच। नीमच के समीप जेतपुरा निवासी रंजना, निशा, जोशना, रेखा सहित अन्य महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर का सामान और कपड़े बाहर फेंक दिए तथा उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मकान खाली करने का दबाव बनाया।
शिकायत में महिलाओं ने सपना, बुलबुल, काजल, पुष्पा और प्रेमबाई सहित अन्य लोगों पर उक्त आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित भूमि के विभिन्न हिस्से उनके नाम पर दर्ज हैं और वे वर्ष 2016 से मकान बनाकर वहां निवास कर रहे हैं।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान घर में घुसकर कथित तौर पर मारपीट एवं तोड़फोड़ की गई और घरेलू सामान बाहर फेंक दिया गया।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मामले को लेकर थाना नीमच सिटी में भी आवेदन दिया गया था, लेकिन उनके अनुसार अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने तथा उनके मकानों और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।