इंदौर। 20 मई को राजवाड़ा पर होने वाली कैबिनेट बैठक की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। आज शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रीगण इंदौर आएंगे। मुख्यमंत्री शाम 6.30 बजे इंदौर पहुंचेंगे और राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह जाएंगे। वहां मां अहिल्या के जीवन प्रसंग पर आधारित नाट्य मंचन देखेंगे। फिर रात को सराफा चौपाटी जाकर व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे।
मंत्रियों को टेबल-कुर्सी की जगह पटिए और गद्दे पर बैठाया जाएगा। लोट भी रहेगा इस पर सिंह की आकृति बनी हुई है। राजवाड़ा के बरांडे के समीप बने गणेश हॉल में लगी भगवान गणेश की प्रतिमा पर भी रंग रोगन किया जा रहा है। बैठक से पहले यहां दीप प्रज्वलित किया जाएगा। हॉल में चार छोटी और एक बड़ी एलसीडी लगाई गई है। दीवारों पर देवी अहिल्या के सुशासन और उनका बखान करने वाले होर्डिंग-फ्लैक्स लगाए गए हैं।
इसमें देवी अहिल्या के साथ उनके ससुर मल्हार राव द्वारा किए गए कार्यों को भी बताया गया है। उनके वीर योद्धा की छवि को बताया गया है।
पहली मंजिल पर होगा भोजन
मंत्रियों और अफसरों के लिए भोजना की व्यवस्था भी राजवाड़ा में ही की गई है। गणेश हॉल के ऊपर बने हॉल में भोजन परोसा जाएगा। बैठक के बाद हॉल के पीछे बनी सीढ़ियों से पहली मंजिल पर पहुंचकर हॉल में एंट्री दी जाएगी। यहां कुर्सी पर बैठकर खाने का इंतजाम किया जा रहा है। दोनों मंजिलों पर तीस से ज्यादा एसी लगाए गए हैं। दो दर्जन से ज्यादा जनरेटर भी रखे गए हैं, ताकि लाइट जाने पर पॉवर बैकअप मिल सके।
राजवाड़ा के बाहर पीएम-सीएम का कटआउट
राजवाड़ा के बाहर पीएम और सीएम का कटआउट लगाया गया है। यहीं पर बाहर की ओर प्रेस ब्रीफिंग के लिए केबिन बनाया गया है। यहां सुरक्षा कर्मी भी तैनात रहेंगे। राजवाड़ा के अंदर जाने वालों को चौक करने के बाद अंदर जाने दिया जाएगा। बाहरी व्यक्तियों को सुरक्षाकर्मी बाहर ही रोक लेंगे।
गोपाल मंदिर वाली गली में लगेंगे पारंपरिक व्यंजनों के 25 स्टॉल
बैठक को लेकर आज से ही राजवाड़ा क्षेत्र में काफी कसावट की जा रही है। उधर, सराफा चौपाटी में मेहमानों के लिए व्यंजन तो रहेंगे ही, गोपाल मंदिर वाली गली में पारंपरिक व्यंजनों के 25 स्टॉल भी लगेंगे। यहां पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। उधर, राजवाड़ा के गणेश हॉल को सजाया संवारा जा रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री परिषद के सदस्य मौजूद रहेंगे।