नीमच। जिले के चैनपुरा खदान की निवासी अनुकुंवर पति गोवर्धन सिंह राजपूत ने कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में शिकायत की है कि उनके आने-जाने के आम रास्ते पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। मजदूरी का कार्य करने वाली अनुकुंवर ने कलेक्टर कार्यालय पर आवेदन देकर बताया कि उसके मकान के पीछे बाड़ा बना हुआ है।जिसमें आने-जाने के शासकीय रास्ते पर मांगू सिंह, लाल सिंह ,फोरु सिंह,खुमान सिंह, बबुल सिंह और मानसिंह द्वारा बड़े-बड़े खड्डे खोदकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। दीवारे खड़ी कर मकान बनाया जा रहा है। यह रास्ता खेतों और बाड़ों की तरफ जाता है।अनुकुंवर ने बताया कि इन लोगों के द्वारा दादागिरी के बल पर रास्ता बंद कर दिया गया है। मांगू सिंह और उनके साथियों का कहना है कि हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। विरोध करने पर अनुकुंवर के परिवार के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। अनुकुंवर ने आवेदन में मांग की है कि इस अवैध अतिक्रमण को प्रशासन तुरंत हटाने की कार्रवाई करे। हम मजबूर लोगों की शिकायत पर गौर करे।