नीमच। जिले की मनासा पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।
थाना प्रभारी शिव रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने सिविल ड्रेस में निगरानी रखकर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई। साइबर मॉनिटरिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन सिंह (20 वर्ष) निवासी बेलारी और हेमंत (35 वर्ष) निवासी हिंगोरिया शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने नीमच, मनासा, जीरन, पिपल्यामंडी, मंदसौर और राजस्थान के प्रतापगढ़ एवं केसुंदा में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।