भोपाल। रक्षाबंधन के अवसर पर मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों को सरकार की ओर से अतिरिक्त राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए राशि ट्रांसफर करेंगे।
हर बहन को मिलेंगे अतिरिक्त ₹250
लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली ₹1500 की नियमित मासिक किस्त के साथ रक्षाबंधन पर ₹250 की अतिरिक्त राशि जोड़ी जाएगी। ऐसे में पात्र महिलाओं के खातों में इस बार कुल ₹1750 पहुंचेंगे।
1.25 करोड़ महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकार के अनुसार प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख 35 हजार महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं के साथ उज्ज्वला योजना की पात्र महिलाओं को भी रक्षाबंधन पर ₹250 की अतिरिक्त राशि दिए जाने की बात कही गई है।
सरकार पर पड़ेगा ₹313 करोड़ का अतिरिक्त भार
बुधवार को मैहर से मुख्यमंत्री कुल ₹2148 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे। अतिरिक्त ₹250 की राशि के चलते राज्य सरकार पर करीब ₹313 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
यह रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को अतिरिक्त राशि देने का लगातार चौथा साल है।