धार। नगर पालिका ने सब्जी विक्रेताओं की सुविधा के लिए 9 साल पहले एक कॉम्प्लेक्स बनवाया था। लेकिन कॉम्प्लेक्स में बनी दुकानों की नीलामी अब तक नहीं हो सकी है। नीलामी न होने का कारण ठेकेदार से जुड़ा एक विवाद था। ठेकेदार को भुगतान राशि नहीं मिलने के कारण मामला कोर्ट में चला गया था।
नगर पालिका सीएमओ विकास डावर ने कहा-
ठेकेदार का 22 लाख रुपए की बकाया राशि के कारण उसने कोर्ट में केस कर दिया था। लेकिन अब जल्द ही ठेकेदार को भुगतान कर नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जल्द ही दुकानों की नीलामी प्रक्रिया होगी शुरू
नगर पालिका के अधिकारियों के अनुसार, अब यह विवाद सुलझ चुका है। उन्होंने शुक्रवार को बताया कि जल्द ही दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे सब्जी विक्रेताओं को उचित स्थान मिल सकेगा और कॉम्प्लेक्स का सही उपयोग हो पाएगा।
1 करोड़ 35 लाख की लागत से कॉम्प्लेक्स का निर्माण
दरअसल, नगर पालिका ने साल 2013-14 में भाजपा परिषद के दौरान मोतीबाग चौक के सब्जी मंडी में लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवाया था। 52 दुकानों का निर्माण होना था। साल 2016 में पहले चरण में 21 दुकानें बनकर तैयार हुईं। लेकिन आरक्षण के मुद्दे और अन्य विवादों के चलते दुकानों का आवंटन नहीं हो सका।
साल 2023 में दुकानों की नीलामी के लिए निविदा निकाली गई, लेकिन कुछ लोगों के स्टे ले लेने के कारण नीलामी की प्रक्रिया फिर रुक गई। इसके चलते दुकानें अब धीरे-धीरे जर्जर होने लगी हैं।